मुंबई ( उमेश यादव ) – महाराष्ट्र की 49 प्रतिशत महिलाएं मानती हैं कि पति के हाथों पीटा जाना गलत नहीं है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण में घरेलू हिंसा को लेकर यह चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। सर्वेक्षण के दौरान कई महिलाओं ने माना कि अगर वे पति की बात नहीं मानेंगी तो वह उन्हें पीटेगा ही। अगर पति घर के काम न करने, बच्चों का ध्यान नहीं रखने या शारीरिक संबंध से मना करने पर पीटता है तो इसमें कुछ गलत नहीं है।
सर्वेक्षण के लिए महाराष्ट्र में 15 से 49 वर्ष की उम्र की 4,658 महिलाओं और 4,497 पुरुषों की राय जानी गई। इनमें से 49 प्रतिशत महिलाओं ने माना कि पति से मार खाने में कुछ भी गलत नहीं। लगभग 75 प्रतिशत महिलाओं ने बताया कि शराब पीने की वजह से पति गुस्से में आकर उन पर हाथ उठाते हैं। 20 प्रतिशत महिलाओं ने कहा कि उनके पति उन्हें थप्पड़ मारते हैं। यह बात भी सामने आई है कि घरेलू हिंसा के खिलाफ केवल 9 प्रतिशत महिलाएं ही मदद लेती हैं। (मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित)