नई दिल्ली ( तेजसमाचार प्रतिनिधि ) :केंद्र सरकार ने हज यात्रा के लिए जाने वालों की मिलने वाली सब्सिडी को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। आपको बता दें कि सऊदी अरब के मक्का में दुनियाभर के मुस्लिम श्रृद्धालु हज यात्रा के लिए जाते हैं। मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने यह जानकारी मीडिया से साझा की।
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को कहा कि सब्सिडी के मद में खर्च होने वाली 700 करोड़ रुपये की रकम अब अल्पसंख्यक समुदाय की लड़कियों की शिक्षा और उनके सशक्तीकरण पर खर्च होगी। सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2012 में चरणबद्ध तरीके से हज सब्सिडी खत्म करने का आदेश दिया था।
मुस्लिम लड़कियों की शिक्षा पर खर्च होगा पैसा
एक अनुमान के मुताबिक केन्द्र सरकार हज सब्सिडी के रूप में लगभग 700 करोड़ रुपए खर्च करती है। मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने इस मसले पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि हर साल हज सब्सिडी के रूप में दी जाने वाली राशि का उपयोग लड़कियों की शिक्षा पर खर्च किया जाएगा।
हाल ही में 5 हजार सीटें बढ़ाई थी सरकार ने
हाल ही में सरकार ने हज के लिए आरक्षित सीटों में 5 हजार की वृद्धि की थी। अब भारत के 1.75 लाख यात्री हज यात्रा कर सकेंगे।

