मुंबई (तेज समाचार प्रतिनिधि): बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री श्रीदेवी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। महज 54 साल की उम्र में श्रीदेवी ने दुनिया को अलविदा कहा है। उनकी मौत की खबर सुनकर बॉलीवुड सहित पूरा देश सदमे में है। दुबई में हुई श्रीदेवी की मौत पर हर कोई आसानी से विश्वास नहीं कर पा रहा है।
श्रीदेवी दुबई में थीं जहां उनकी हृदय-गति रुक जाने (कार्डियक अरेस्ट) की वजह से उनका अचानक निधन हो गया। श्रीदेवी 55 वर्ष की थीं। उन्हें हिंदी फिल्मों की पहली फीमेल सुपरस्टार भी कहा जाता है। साल 2013 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी श्रीदेवी के निधन पर दुख जताया है। वह अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए परिवार समेत दुबई में उनके पति बॉनी कपूर के छोटे भाई और अभिनेता संजय कपूर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि घटना रात 11-11.30 बजे की है। संजय कपूर ने बताया कि वह भी दुबई में ही थे और थोड़ी देर पहले भारत लौटे ही थे कि यह खबर आ गई। अब वह फिर से दुबई जा रहे हैं।
घर के बाहर जुटी भीड़
अंतिम संस्कार के लिए श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भी मुंबई लाया जाएगा। श्रीदेवी की मौत की खबर से फैन्स भी शॉक्ड हैं। उनके घर के बाहर भारी संख्या में फैंस इकट्ठे हो चुके हैं।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने भी श्रीदेवी के आकस्मिक निधन पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री के दफ्तर की ओर से ट्वीट करके दुख जताया गया। ‘प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीदेवी के असमय और अचानक निधन से दुखी हूं। लंबे करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के यादगार रोल निभाए। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’
श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई लाया जाएगा
श्रीदेवी के परिवार के करीबियों से मिली जानकारी के मुताबिक अंतिम संस्कार के लिए श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई लाया जाएगा।श्रीदेवी के निधन के बाद अंधेरी में उनके घर के बाहर भारी तादाद में रात से ही उनके फैंस जमा हो गए हैं।
वहीं श्रीदेवी के निधन की खबर से बॉलीवुड में दुख का माहौल है। उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। बॉलीवुड के कई स्टार्स इस दुखद घटना पर ट्विट कर दुख जता रहे हैं। एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट कर लिखा है कि, ‘मेरे पास कोई शब्द नहीं है। श्रीदेवी को प्यार करनेवाले हर व्यक्ति के प्रति संवेदना। एक काला दिन। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।’ दूसरी ओर, प्रीति जिंटा ने लिखा, ‘यह सुनकर दुखी और स्तब्ध हूं कि मेरी ऑल टाइम फेवरिट श्रीदेवी नहीं रहीं। भगवान उनकी आत्मा को शांति और उनके परिवार को ताकत दें।’