पुणे. पुणे की मशहूर चितले मिठाई देश-विदेश में ख्यात है. त्योहारों के मौसम में चितले की मिठाई व अन्य उत्पादों की काफी मांग रहती है. यह समय भी त्योहारों का है. आगामी 25 अगस्त से शहर में गणेशोत्सव शुरू हो रहा है. त्योहारों के इस मौसम में चितले की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ती है. ऐसे में ऐन त्योहारों के समय चितले दुकान के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए है.
ज्ञात हो कि चितले बंधू की शहर में करीब 20 दुकानें हैं. इन दुकानों में 1000 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं. लेकिन वेतन वृद्धि की मांग को लेकर 120 से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर चले गए है. इस वजह से इस बार चितले की दुकानों पर कई खाद्य पदार्थ उपलब्ध नहीं होंगे. चितले की दुकानों पर कई पदार्थों के मिलने की लिस्ट लगाई है. इसमें कोकोनट बर्फी, डिंक, रवा, मोतीचूर के लड्डू, आम बर्डी, चिवडा जैसे पदार्थ शामिल है, जो कि आगामी त्योहारों पर ग्राहकों को उपलब्ध नहीं होंगे. यह पहली बार हो रहा है कि चितले बंधुओं के उत्पादों को पसंद करनेवाले ग्राहकों को खालीहाथ वापस लौटना पड़ रहा है. इस कारण ग्राहकों में नाराजगी देखी जा रही है.

