बुलढाणा (तेज़ समाचार प्रतिनिधि):महाराष्ट्र को प्रगति की ओर ले जाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर से मुंबई तक समृद्धी महामार्ग के निर्माण का निर्णय लिया है। इस महामार्ग के निर्माण के लिए किसानों की हजारों हेक्टर उपजाऊ जमीन जा रही है जिसका विरोध किसानों द्वारा चल रहा है। बुलढाणा जिले के निवासियों ने राज्य के कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर को आज उनके ही जिले में काले झंडे दिखा कर इस महामार्ग का विरोध जताया।
कार्यक्रम में पहुंचने के लिए पांडुरंग फुंडकर अपने वाहन से कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे कि बीच रास्ते में कुछ किसानों ने समृद्धी महामार्ग का विरोध दर्शाते हुए कृषि मंत्री फुंडकर को काले झंडे दिखाए। किसानों का कहना है कि वे अपनी जमीन समृद्धी महामार्ग के लिए नहीं देना चाहते हैं। बता दें कि कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर बुलढाणा जिले के खामगांव शहर के निवासी हैं और अपने ही जिले में उन्हें काले झंडे दिखाए जाने के बाद राजकीय क्षेत्र में खलबली मची हुई है।
आपको बता दे:
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से उपराजधानी नागपुर का अंतर कम करने तथा इस सफर को सुविधाजनक और कम समय में तय करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समृद्धि महामार्ग बनाए जाने की घोषणा की है। यह महामार्ग कई जिलों से होकर गुजरेगा। इस मार्ग के निर्माण में बहुत से किसानों की उपजाऊ जमीन सरकार द्वारा बाजार भाव मूल्य से खरीदी जा रही है, किंतु इस महामार्ग का कुछ किसान विरोध कर रहे हैं। आज 22 अक्तुबर को बुलढाणा जिले की मेहकर तहसील अंतर्गत के ग्राम बेलगांव में राज्य के कृषि मंत्री व बुलढाणा के पालक मंत्री पांडुरंग फुंडकर का एक कार्यक्रम रखा गया था।