अकोला (तेज़ समाचार प्रतिनिधि):अकोला जिले के बोरगांव मंजू पुलिस स्टेशन की हद में आनेवाले ग्राम धोतर्डी में एक क्रूरकर्मा पिता ने ही अपने 3 बच्चों को मौत के घाट उतार दिया. बच्चों की हत्या के बाद पिता ने भी आत्महत्या का प्रयास किया. यह दिल दहला देनेवाली घटना 9 मई को करीब रात 9 बजे हुई. इस घटना के कारण इलाके में खलबली मच गई है.

इस संदर्भ में प्राप्त जानकारी के अनुसार धोतर्डी निवासी विष्णु इंगले नामक व्यक्ति द्वारा पहले अपने दो बेटों और एक बेटी को जहर पिलाकर मारने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है. जहर का कोई खास असर न होने के कारण उसने 2 बच्चों को बिजली का करंट लगाकर मारा जबकि एक बच्चे के सिर पर लोहे के कौंचे से वार कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने खुद को चोट पहुंचाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. इस सनसनीखेज घटना में तीनों बच्चों की मौत हो गई है जबकि हत्यारा पिता भी गंभीर रूप से घायल है. मृतक बच्चों के नाम अजय(17), मनोज(16) और शिवानी(15) हैं. नागरिकों ने बताया कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद बोरगांव मंजू पुलिस ने मौके पर पहुंचने में सुस्ती बरती. आज रात हुई इस घटना के कारण इलाके में हड़कम्प मच गया है. हालांकि खबर लिखे जाने तक घटना का कारण पता नहीं चल सका था.
देर रात तक पोलिस जांच शुरू थी घटी इस घटना से लोगो मे सनसनी फैल गयी है

