डिफेंस एक्सपो में लॉन्च हुए 13 रक्षा उत्पाद, सेना को मिली शारंग तोप
लखनऊ (तेज समाचार डेस्क): राजधानी लखनऊ में आयोजित हो रहे पांच दिवसीय डिफेंस एक्सपो-2020 में तीसरे दिन शुक्रवार को थर्ड जनरेशन अमोघ-3 एन्टी टैंक गाइडेड मिसाइल, वरुणास्त्र और शारंग तोप समेत 13 रक्षा उत्पाद लॉन्च किए गए। मेक इन इंडिया अभियान के तहत बने ये सभी हथियार सेना को सौंपे जाएंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इन उत्पादों को लॉन्च किया।
इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने बताया कि 13 उत्पादों की लॉन्चिंग के साथ आज 71 एमओयू हस्ताक्षरित हुए। साथ ही तकनीकों के हस्तांतरण के 18 अनुबंध हुए। उन्होंने बताया कि डिफेंस एक्सपो में तीन दिन के अंदर 200 से अधिक करार किए गए।
मेक इन इंडिया अभियान के तहत बनी अंतरराष्ट्रीय स्तर की शारंग तोप को आयुध निर्माणी कानपुर (ओएफसी) द्वारा विकसित किया गया है। इसमें लगे सभी उपकरण स्वदेशी हैं। शारंग इस्राइली तोप सोल्टम का आधुनिक संस्करण है। पहले इसकी कैलिबर 135 एमएम थी, जिसे अब 155 एमएम किया गया है। इसकी मारक क्षमता 38 किलोमीटर है। इसके अलावा तोप की निरंतरता (गोले दागने की क्षमता) जबरदस्त है। यह तोप 70 डिग्री तक घूम सकती है। इसलिए इसमें पहाड़ों में छिपे दुश्मनों को तबाह करने की विशेष क्षमता है। इस तोप का वजन आठ टन, लंबाई 11 मीटर, चैड़ाई 2.45 मीटर और ऊंचाई 2.55 मीटर है।
वरुणास्त्र
वरुणास्त्र को डीआरडीओ की कंपनी नेवल साइंस एंड टेक्नोलॉजिकल लेबोरेटरी ने विकसित किया है। यह बेहद उन्नत टारपीडो है। वरुणास्त्र पानी में 600 मीटर की गहराई तक मार करने में सक्षम है। इसका मारक क्षमता 20 से 25 किलोमीटर तक है। यह अधिकतम 74 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से टारगेट तक पहुंचता है। इसकी तेज रफ्तार के चलते दुश्मन के पनडुब्बी या समुद्री जहाज को बचने का मौका नहीं मिलता। वरुणास्त्र का वजन 1.6 टन है। यह अपने साथ 250 किलोग्राम विस्फोटक ले जा सकता है।