पुणे. दापोडी के हैरिस पुल से अपने दो वर्षीय बालक के साथ कूद कर एक महिला ने आत्महत्या कर ली. यह हादसा सोमवार पांच बजे के करीब हुआ. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल के जवानों द्वारा महिला की लाश को बाहर निकाला गया. वहीं बच्चे को खोजने का काम जारी था. महिला की पहचान शहापुरी असलम शेख (20, वाकड़) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि, शहापुरी शेख घर में हुए मामूली विवाद के चलते घर छोड़ कर गुस्से में अपने दो साल के बच्चे जिशान सहित आई और हैरिस पुल से छलांग लगा दी. शहापुरी ने बुरखा पहना हुआ था जिस कारण उसकी लाश पानी पर ही तैर रही थी. लेकिन जिशान का अब तक कोई पता चल नहीं सका है. घटनास्थल पर औंध व पुणे कंट्रोल के अग्निशमन दल की चार गाड़ियां, बोट व 13 गोताखोर पहुंच कर बच्चे के खोजने का काम शुरू किया है.
– इसी बीच लोकल से गिरा एक व्यक्ति
बच्चे की तलाश करते समय ही पुणे-लोनावला लोकल से एक 40 वर्षीय व्यक्ति अचानक नदी में गिर गया. जवानों ने तुरंत ही जिशान की तलाश बंद कर पहले उस व्यक्ति को बाहर निकला और इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

