अमृतसर(तेज़ समाचार ब्यूरो ):पंजाब में सबसे बड़ी ट्रेन दुर्घटना हो गई है। दशहरा पर ट्रेन की पटरी के पास चल रहे दशहरा उत्सव में ट्रेन की चपेट में आने से 30 लोगों की मौत हो गई, कई जख्मी है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आंशका है। जोड़ा फाटक के पास हादसा हुआ है। यह फाटक मानवरहित फाटक है। बताया जाता है कि ट्रेन की पटरी के पास ही यह आयोजन चल रहा था। लोग ट्रेन की पटरी पर खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे। इतनी ही देर में ट्रेन आ गई जिसकी चपेट में लोग आ गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर रवाना हो गए है। जिस समय घटना हुई उस समय पटरी पर 50 लोग खड़े थे।

बताया जा रहा है कि यह हादसा चौड़ा बाजार के समीप हुआ है. यह हादसा उस समय हुआ, जब ट्रेन पटरी के पास राणव का पुतला जलाया जा रहा था जिसे देखने के लिए ट्रैक के पास लोग खड़े थे. ऐसी आशंका है कि ट्रेन लोगों की भीड़ के ऊपर चढ़ गई. इसमें काफी लोगों के मारे जाने की आशंका है।घटना के वक्त भगदड़ मच गई। यह हादसा अमृतसर के जोड़ा फाटक के पास हुआ है। घटना स्थल से हृदयविदारक तस्वीरें आ रही हैं, जिसे देखा नहीं जा सकता है। ट्रैक के आसपास खून ले लथपथ लाशें बिखरी पड़ी हैं। घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद बता रहे हैं कि ट्रेन की स्पीड बहुत ज्यादा थी, जबकि भीड़भाड़ वाले इलाके को देखते हुए इसकी रफ्तार कम होनी चाहिए। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है।
घटनास्थल के पास काफी लोग एकत्रित हो गए हैं और स्वजनों की तलाश कर रहे हैं. मौके पर चारों तरफ लोगों के रोने-बिलखने की तस्वीरें देखी जा सकती हैं. यह सब कुछ इतना विचलित करने वाला है कि इसकी तस्वीरें दिखाई नहीं जा सकती हैं. मौके पर बचाव दल पहुंच गया है. बड़े पैमाने पर पुलिस बल को भी तैनात किया गया है.घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है.

