इंदौर :युवती पर थिनर फेंककर जलाया, 3 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
इंदौर(तेज़ समाचार प्रतिनिधि ):शनिवार देर रात जवाहर मार्ग पर नफीस बेकरी के पास एक युवती पर अज्ञात व्यक्ति ने केमिकल अटैक कर दिया। युवती का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। सराफा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पहले कहा गया कि तेजाब फेंककर युवती को जलाने का प्रयास किया गया है।
इंदौर के सराफा थाना क्षेत्र स्थित जवाहर मार्ग पर बीती रात लगभग 30 वर्षीय एक युवती पर थिनर फेंककर उसे जलाया गया जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शादी समारोह में लाइट बत्ती का काम करने वाली युवती पर बदमाशों ने थिनर फेक कर माचिस से जला दिया। जली युवती को गंभीर हालत में उपचार के लिए देर रात M.Y. हॉस्पिटल लाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।बम्बई बाजार पुलिस चौकी के नजदीक यह घटना हुई। आरोपियों ने युवती पर थिनर फेंककर माचिस से जला दिया जिसमें महिला का चेहरा और दोनों हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए।
महिला को जलता हुआ देख राहगीर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस युवती को लेकर एमवाय हॉस्पिटल पहुंची जहां उसका उपचार जारी है। झुलसी युवती अपनी बहन और भाई के साथ टपरा सेठ के यहां शादी समारोह में लाइट बत्ती का काम करती थी और वही फुटपाथ पर रहकर अपना गुजर बसर कर रही थी।
पुलिस को उसने बताया कि बाबू, नींबू और उसकी पत्नी आशा ने उसे जला दिया है। सीएसपी डीके तिवारी ने बताया कि पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है। कुछ दिन पहले बाबू व घायल युवती के बीच कुछ विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर रात को यह घटना हुई।

