मुंबई (तेज समाचार डेस्क): कांग्रेस के शिरपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक काशीराम पावरा और वंचित बहुजन आघाड़ी के पूर्व प्रदेश महासचिव गोपीचंद्र पडलकर सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा, भाजपा विधायक राज के पुरोहित भी उपस्थित थे।
चंद्रकांत पाटील ने कहा कि बहुत जल्द कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरीश पटेल भी भाजपा में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सूबे व देश में विकास कार्य हो रहे हैं। इसी वजह से अन्य दलों से लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। जमीन से जुड़े इन नेताओं के भाजपा में आने से भाजपा और मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने गोपीचंद्र पडलकर और काशीराम पावरा का पार्टी में स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पावरा ने विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा में आने का बड़ा निर्णय लिया है। इससे शिरपुर में भाजपा की ताकत बढ़ी है। इसी प्रकार गोपीचंद्र पडलकर जमीन से जुड़े व धनगर समाज के युवा नेता हैं। मुख्यमंत्री ने पडलकर को बारामती विधानसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है।