Corona Virus: महाराष्ट्र में तीसरी मौत, सूूबे में पीडि़तों की संख्या हुई 89
मुंबई (तेज समाचार डेस्क). यहां के कस्तूरबा अस्पताल में कोरोना का इलाज करवा रहे एक और व्यक्ति की मौत हो गई। यह महाराष्ट्र में कोरोना से हुई तीसरी मौत है। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार पिछले 24 घंटे में मुंबई में 14 और पुणे में कोरोना का एक नया मामला सामने आया है। इससे कोरोना मरीजों की संख्या बढक़र 89 हो गई है। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।
कोरोना वायरस से 68 वर्षीय जिस बुजुर्ग की रविवार देर रात मौत हुई है, वह फिलीपिन्स का नागरिक था और 10 लोगों के साथ धार्मिक यात्रा पर भारत आया था। नई मुंबई की मस्जिद में ये सभी लोग ठहरे थे और दिल्ली में भी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इनमें से चार को संभावित कोरोना मरीज के रूप में 10 मार्च को कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 12 मार्च को इनमें कोरोना पाए जाने की पुष्टि हुई थी। रविवार की देर रात कस्तूरबा अस्पताल में इस व्यक्ति की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन फिलीपिन्स नागरिकों के संपर्क में आए लोगों की भी जांच कर रहा है। इससे पहले कस्तूरबा अस्पताल में एक व एच.एन. रिलायंस अस्पताल में एक इस तरह दो लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। आज तीसरे पीडि़त की मौत होने से लोगों में दहशत का माहौल है।
स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इसे चिंताजनक बताया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।