महाराष्ट्र: सेनिटाइजर हैंडवाश बनाने वाली कंपनी में विस्फोट, 2 की मौत
मुंबई (तेज समाचार डेस्क): पालघर जिले में स्थित तारापुर एमआईडीसी में सेनिटाइजर हैंडवाश बनाने वाली कंपनी में अचानक विस्फोट होने से 2 मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना में एक मजदूर घायल हुआ है, उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फायर ब्रिगेड के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और विस्फोट के बाद लगी आग को बुझा दिया। बोईसर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक प्रदीप कसबे ने बताया कि यहां कूलिंग का काम जारी है। पुलिस विस्फोट के कारणों का पता लगा रही है।
इस समय देश में कोरोना वायरस के प्रकोप की वजह से सेनिटाइजर हैंडवाश की मांग बढ़ गई है। इसी वजह से जिलाधिकारी कलेक्टर कैलाश शिंदे से मंजूरी लेने के बाद गैलेक्सी सर्फैक्टेंट्स कंपनी में सेनिटाइजर बनाने का काम चल रहा था। कंपनी में 66 मजदूर काम कर रहे थे। सोमवार को दोपहर साढ़े बारह बजे के आस-पास कंपनी के रिएक्टर में से आवाज आने लगी। इसे देखने के लिए तीन मजदूर गए लेकिन अचानक उसी समय रिएक्टर में विस्फोट हो गया। इस घटना में 2 मजदूरों की मौत हो गई और एक मजदूर घायल हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि 15 किलोमीटर की परिधि में कंपन महसूस किया गया और इसकी आवाज सुनी गई।