नुआपाड़ा- ओडिसा (तेज समाचार डेस्क). धरती पर पहले मुर्गी आई या अंडा? इस सवाल को लेकर काफी लंबे समय से बहस चल रही है. अगर कोई ये कहे कि पहले मुर्गी आई तो सवाल ये उठता है कि बिना अंडे के मुर्गी का जन्म कैसे हुआ? अगर कोई ये कहे कि पहले अंडा आया तो भी सवाल उठता है कि बिना मुर्गी के अंडा किसने दिया? अब ये तो तय नहीं है कि इन सवालों का सही जवाब कब तक मिलेगा, लेकिन ओडिशा के नुआपाडा जिले में एक मुर्गी ने अंडे की जगह सीधे चूजे को जन्म देकर लोगों को हैरान कर दिया है.
– 10 मिनट के बाद ही हो गई मौत
दरअसल, ओडिशा में नुआपाडा जिले के इच्छापुर गांव में रहने वाले अंबिका मांझी के घर एक मुर्गी ने अंडे की जगह चूजे को जन्म दिया. हालांकि, जन्म के 10 मिनट बाद ही चूजे की मौत हो गई. अंबिका मांझी की मुर्गी ने 9 अंडे दिए थे, जिसे वह से रही थी. इसी बीच अचानक से मुर्गी कुछ दूर जाकर बैठ गई. मुर्गी को उसी स्थान पर ज्यादा देर तक बैठे देख, लोगों को लगा कि वो अंडे दे रही होगी. लेकिन मुर्गी अंडे की जगह सीधे चूजे को जन्म दे दी, जिसे देख सभी लोग हैरान हो गए.
– डॉक्टर भी हैं हैरान
मुर्गी के पास चूजे को देखकर लोगों को यकीन नहीं हुआ. इसके बाद लोगों ने आसपास देखा की कहीं कोई टूटा हुआ अंडा तो नहीं है, लेकिन कुछ नहीं मिलने पर सभी लोग आश्चर्यचकित हो गए. हालांकि जन्म के 10 मिनट बाद ही चूजे की मौत हो गई. अंडे की जगह सीधे चूजे को जन्म देने वाली घटना को लेकर नुआपाडा जिले के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. त्रिलोचन ढल ने कहा कि, वो अपने जीवन में ऐसी घटना पहली बार देख रहे हैं. डॉ. त्रिलोचन ढल ने बताया कि हो सकता है मुर्गी के प्रजनन तंत्र में ही वो अंडा बाहर आने की जगह विकसित हो गया होगा, जिससे चूजे का जन्म हो गया.

