जयपुर (तेज समाचार डेस्क). देश में इस समय कोरोना महामारी का संकट छाया हुआ है. कोरोना का संक्रमण रोमने के लिए अभी भी देश के अनेक शहरों में लॉकडाउन लगाया गया है. लॉकडाउन के कारण बंद पड़े व्यवसाय-धंधों से लोगों का अब तक करोड़ों का नुकसान हो चुका है. धीरे-धीरे लॉकडाउन खुलने के बाद पटरी पर लौट रही जिन्दगी पर अब बारिश ने कुठाराघात किया है. देश के अनेक हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण नदियां उफान पर है और कई गांव और शहर पानी में डूब गए है. राजस्थान के जयपुर में भी शुक्रवार को भीषण बारिश ने जम कर तबाही मचाई. जयपुर में शुक्रवार को हुई बर्बादी की बारिश के निशान शनिवार को नजर आए. निचली बस्तियों और कुछ इलाकों में पानी अब भी नहीं उतरा है. परेशान लोग प्रशासन की मदद पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं. शहर के कई इलाकों में लोगों को रात काटने के लिए रिश्तेदारों के घर पर जाना पड़ा. वहीं, कुछ लोगों ने छतों पर रात गुजारी.
पानी में बह गए कपड़े, आटा, नमक
जयपुर की सूत मिल कॉलोनी में रहने वाले गोवर्धन ने बताया कि उनके इलाके में इतना पानी भर गया था कि जेसीबी की मदद से नाले को तुड़वाकर पानी निकलवाना पड़ा। अब ऐसी दिक्कत हो गई है कि लोगों के पास खाना ही नहीं है. कपड़े, आटा, नमक सब बह गए. रात गुजारना मुश्किल हो गया. लोगों को छतों पर और दूसरे इलाकों में जाकर सोना पड़ा. पीने का पानी तक नहीं है. यहां 5 हजार से ज्यादा लोग रहते हैं. रात को कई लोगों को भूखा सोना पड़ा. जिन घरों में जो थोड़ा बहुत बचा था, उससे पहले बच्चों का पेट भरा. रात भी बैठे-बैठे गुजर गई.
– रात भर भूख से तड़पते रहे बच्चे
सूत कॉलोनी के पास की ही बस्ती में एक महिला ने बताया कि बारिश में घर के पीछे की दीवार गिर गई. शनिवार सुबह खाना तक नहीं बना पाए. मंदिर से केले लाकर पेट भरा. एक महिला ने बताया कि पूरा पूरे इलाके में पानी भर गया. बच्चे भूख से तड़प रहे थे. आस-पास के लोगों से खाना मांगकर लाना पड़ा. बारिश से पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं. पूरी गृहस्थी फिर से बसानी पड़ेगी.
– शोरूम में रखे सारे कपड़े खराब हो गए
जयपुर के सबसे व्यस्त बाजार चौड़ा रास्ता स्थित रेडीमेड कपड़े की दुकान के मालिक सैफ ने बताया कि तेज बारिश की वजह से शुक्रवार को दुकान नहीं खोल पाए. शनिवार सुबह पहुंचे तो बेसमेंट पूरी तरह पानी से भर गया था. पंप की मदद से पानी बाहर निकाल रहे हैं. इतना पानी भरा है कि बेसमेंट लबालब है. सारा सामान खराब हो गया. सारे नए कपड़े खराब हो चुके हैं. एक टेलीकॉम कंपनी के कस्टमर केयर सेंटर के बेसमेंट में पूरी तरह पानी भर गया. इससे लाखों रुपए की मशीनें खराब हो गईं.
– किताबों की दुकान में भरा पानी
चौड़ा रास्ता में ही किताबों की दुकान लगाने वाले मोतीलाल शर्मा ने बताया कि पानी से सारी किताबें गीली हो गईं. करीब-करीब सभी दुकानों में पानी भर गया. व्यापारियों को लाखों का नुकसान हुआ है. मशीनें लगाकर पानी बाहर निकाला है. किताबें पूरी तरह से भी ग गई, जो बच गई, उन्हें सूखने के लिए रख दिया है.