नागपुर. शनिवार को दशहरे पर आरएसएस की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. आरएसएस के इस कार्यक्रम में इस बार मुख्य अतिथि के तौर पर दलित धार्मिक नेता, संत निर्मल दास महाराज आमंत्रित किए गए है. निर्मल दास पंजाब में श्रीगुरू साधु रविदास संप्रदाय समाज के प्रमुख हैं.
दशहरा पर्व आरएसएस द्वारा काफी बड़े स्तर पर मनाया जाता है. इस दिन आरएसएस अध्यक्ष नागपुर के रेशमीबाग ग्राउंड पर संघ सदस्यों को संबोधित करते हैं. आरएसएस के एक पदाधिकारी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी आरएसएस के इस दशहरा कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.
राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ ने रविवार को अपनी बाल शाखा के लिए आयोजित किए गए सालाना शस्त्र पूजा समारोह में बतौर मुख्य आतिथि मुस्लिम होमियोपैथ डॉक्टर मुनव्वर यूसुफ को आमंत्रित किया था. निर्मल दास और यूसुफ, दोनों का आरएसएस से कोई संबंध नहीं है.

