नई दिल्ली (तेज समाचार डेस्क). #Me too के जरिए यौन शोषण का आरोप और बदनामी झेल रहे एम.जे. अकबर की मुसीबतें कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं. अभी तक 16 महिलाओं ने अकबर पर यौन शोषण का आरोप लगाया है. इसी कड़ी में अब अमेरिका में भारत की पत्रकार पल्लवी गोगोई का नाम भी जुड़ गया है. पल्लवी ने एमजे अकबर पर यौन शोषण के आरोप लगाते हुए कहा कि जयपुर में एक स्टोरी कवर करने के दौरान अकबर ने होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया. इसको लेकर पल्लवी ने वॉशिंगटन पोस्ट में आर्टिकल लिखा है. वहीं, इन आरोपों पर अकबर ने कहा कि यह करीब 1994 की बात है, जब हमारे बीच आपसी सहमति से रिश्ता बना था. यह रिश्ता कई महीनों तक चला. अकबर की पत्नी मल्लिका ने भी पति का बचाव किया और पल्लवी के आरोपों को गलत बताया.
– आपसी सहमति से बना था रिश्ता : अकबर
अकबर ने कहा, पल्लवी के आरोपों पर अपना स्पष्टिकरण देते हुए कहा कि हम दोनों के बीच रिश्ता था, यह 1994 की बात है. हमारे संबंध आपसी सहमति से बने थे. बाद में यह रिश्ता मेरे पारिवारिक जीवन में कलह की वजह बना. इस रिश्ते का दुखद अंत हुआ. मल्लिका ने बताया, कि तुशिता पटेल और पल्लवी गोगोई अकसर हमारे घर पर आया करती थीं, हमारे साथ खाना खातीं और ड्रिंक करती थीं. लेकिन उनके चेहरे पर कभी यौन उत्पीड़न पीड़िता का डर नहीं दिखा. मुझे नहीं पता कि पल्लवी के झूठ बोलने की क्या वजह है.
– 16 महिलाओं ने लगाए थे यौन शोषण के आरोप
अकबर पर 16 महिलाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे. आरोपों की शुरुआत 8 अक्टूबर को प्रिया रमानी के एक ट्वीट के बाद हुई थी. 17 अक्टूबर को अकबर ने विदेश राज्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.