पुणे (तेज समाचार डेस्क). जलगांव से आए एक शातिर बदमाश ने पुणे में आकर एक व्यक्ति के घर में घुसकर चाकू घोंपकर उसकी हत्या किए जाने की वारदात सोमवार की दोपहर तीन बजे बोपोड़ी इलाके में सामने आयी है। बालकृष्ण नरसू (मूल निवासी जलगांव) ऐसा बोपोड़ी के कुंदन कुशल बिल्डिंग में हुई वारदात में मारे गए व्यक्ति का नाम है। उसे मारने वाला तायड़े नामक व्यक्ति भी इस वारदात में गंभीर रूप से घायल है, उसका पुणे के ससुन हॉस्पिटल में इलाज जारी है। इस वजह से खबर लिखे जाने तक हत्या का कारण और तायड़े व नरसू के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी। हालांकि तायड़े जलगांव का शातिर बदमाश रहने की जानकारी पुलिस सूत्रों से मिली है।
– दोनों कमरे में खून से लथपथ मिले
खड़की पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार बालकृष्ण नरसू बोपोड़ी स्थित कुंदन कुशल नामक बहुमंजिला इमारत में रहता था। आज दोपहर तीन बजे के करीब तायड़े उनके घर में घुस गया। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इस दौरान बालकृष्ण पर उसने चाकू से हमला कर दिया। झगड़े के शोरशराबे से पड़ोसी नरसू के घर के बाहर जमा हो गए और दरवाजे को बाहर से कुंडी लगाकर बन्द कर दिया व खड़की पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम जब यहां पहुंची और फ्लैट का दरवाजा खोलकर भीतर प्रवेश किया तो दोनों खून से लथपथ पड़े थे। उन्हें पुणे के ससुन हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहाँ बालकृष्ण को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि तायड़े का इलाज जारी है।