नई दिल्ली (तेज समाचार डेस्क): पिछले सप्ताह उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के पास स्कोर्पियो में विस्फोटकों से भरी कार मिली थी। कार के मालिक का नाम मनसुख हिरेन था। अब खबर आ रही है कि, उसकी लाश मुंबई से सटे ठाणे की झील से मिली है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक, पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने कालवा ब्रिज से कूदकर अपनी जान दी है।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार ठाणे के डीसीपी ने बताया कि मनसुख हीरेन नामक एक व्यक्ति का शव मिला है जिसकी गाड़ी (जिसमें जिलेटिन था) मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर पाई गई थी। उन्होंने बताया कि मनसुख ने कलवा खाड़ी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
बता दें, 25 फरवरी को मुकेश अंबानी के घर के बाहर संदिग्ध स्कॉर्पियो कार में 20 जिलेटिन छड़ें मिली थीं। पुलिस ने बताया कि कार में से जो जिलेटिन मिला है, वो सैन्य-ग्रेड जिलेटिन नहीं है बल्कि व्यावसायिक-ग्रेड है। व्यावसायिक ग्रेड जिलेटिन एक तरह से खुदाई के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
इस घटना के बाद मुकेश अंबानी के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। इस मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने बताया था कि मुकेश अंबानी के घर के बाहर जो हाड़ी खड़ी की गई थी, वो मुंबई के विकरोली इलाके से कुछ दिन पहले चुराई गई थी। गाड़ी का नंबर क्षतिग्रस्त था।
इस गाड़ी के अंदर एक पत्र भी पाया गया था। इस पत्र में कथित तौर पर अंबानी परिवार को धमकी दी गई थी। वहीं, इस मामले में मुंबई पुलिस की जांच पर पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने विधानसभा में इस मामले की जांच एनआईए से करवाने की मांग की है।