• ABOUT US
  • DISCLAIMER
  • PRIVACY POLICY
  • TERMS & CONDITION
  • CONTACT US
  • ADVERTISE WITH US
  • तेज़ समाचार मराठी
Tezsamachar
  • Home
  • देश
  • दुनिया
  • प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • लाईफस्टाईल
  • विविधा
No Result
View All Result
  • Home
  • देश
  • दुनिया
  • प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • लाईफस्टाईल
  • विविधा
No Result
View All Result
Tezsamachar
No Result
View All Result

तकनीक और कारोबार का समन्वय शिल्पी चला गया,अब मुझे प्रकाश बादल कोई नहीं कहेगा

Tez Samachar by Tez Samachar
April 13, 2017
in देश
0

नई दिल्ली ( राजेश बादल  )  – शायद उन्नीस सौ अठहत्तर का साल था | मैंने बुंदेलखंड में ख़तरनाक़ बन चुकी डाकू समस्या पर लंबा आलेख तैयार किया | इसमें कुछ फरार डाकुओं के साक्षात्कार भी थे | आलेख दैनिक भास्कर को भेजा | छप गया | लेकिन मेरा नाम राजेश की जगह प्रकाश बादल छपा था | फुल पेज का आलेख -वह भी गलत नाम से | मेरे दुःख और ग़ुस्से का ठिकाना न था | दो महीने तक भोपाल आने जाने का ख़र्च जमा किया | क़रीब सौ रूपए इकट्ठे हो गए तो राजनगर -भोपाल बस में बैठ गया | सुबह पहुंचा | सीधे भास्कर दफ्तर जा पहुंचा | पुराने भोपाल में | इतनी सुबह अखबार के दफ़्तर में भला कौन मिलता ? बैठा रहा | आठ बजे के आसपास रमेश जी आए | वो शायद वहीं रहते थे | सबसे पहले पहुँचते होंगे शायद | मैं मिला और अपना ग़ुस्सा उतार दिया | रमेश जी ने ज़ोरदार ठहाका लगाया | मेरे घाव पर जैसे नमक छिड़क दिया | कुछ बोलने ही वाला था कि रमेश जी ने कहा ,भाई जवान हो | पत्रकारिता में कलम से ग़ुस्सा निकालना सीखो | ज़ुबान से नहीं | ग़लतियाँ आदमी से ही होतीं हैं | मैं उनका मुँह ताक रहा था | रमेश जी के एक वाक्य ने जैसे मन्त्र दे दिया | उनतालीस साल बाद रमेश जी की यह बात मेरे दिमाग़ में गहरे बैठी हुई है |

इस घटना के पांच -छह साल बाद उनसे फिर इंदौर में मुलाक़ात हुई | फिर ठहाका लगाया | बोले -कहिए प्रकाश बादल जी क्या हाल हैं ? तब मैं नई दुनिया में सह संपादक हो गया था | इंदौर से भास्कर शुरू होने जा रहा था | रमेश जी चाहते थे कि मैं भास्कर ज्वाइन करूँ | लेकिन तब तक राजेंद्र माथुर जी नवभारत टाइम्स के प्रधान संपादक हो गए थे और उसके कुछ क्षेत्रीय संस्करण निकालना चाहते थे | मुझे माथुरजी ने कहा था कि मैं अपनी नई भूमिका के लिए तैयार रहूँ | मैंने रमेश जी को यह बात बताई | बोले ,तब तो आपको नवभारत टाइम्स ही जाना चाहिए | राजेंद्र माथुर देश के सबसे अच्छे संपादक हैं | हमने तो उन्हें भास्कर में लाना चाहा था ,लेकिन यह संभव नहीं हो पाया | इसके बाद कुछ साल हमारा संपर्क टूटा रहा | एक बार नवभारत टाइम्स जयपुर में मुख्य उपसंपादक था तो रमेशजी से फिर मुलाक़ात हुई | संक्षिप्त सी | मैं उन्नीस सौ इक्यानवे में भोपाल दैनिक नई दुनिया में समाचार संपादक /विशेष संवाददाता के तौर पर काम करने जा पहुँचा | इसके बाद क़रीब बीस साल तक उनसे लगातार मुलाक़ातें होतीं रहीं | भास्कर में अदभुत बदलाव के शिल्पी के रूप में रमेश जी का योगदान कभी नहीं भुलाया जा सकता | बेटों के सक्रिय सहयोग के दम पर भास्कर एक सूर्य की तरह मध्यप्रदेश की पत्रकारिता में चमकने लगा | जब दूसरे राज्यों में भास्कर ने पंख फैलाए तो लोग दंग रह गए | आज भास्कर जिस स्थिति में है,उसके मूल में रमेशजी ही हैं | आधुनिकतम तकनीक और विलक्षण कारोबारी समझ ने उन्हें एक अनूठा संयोजक बना दिया था |

प्रिंट के बाद टेलिविजन के लिए जब भी मुझे कारोबारी ख़बरों के लिए विशेषज्ञ राय कैमरे पर रिकॉर्ड करनी होती तो उन्हें ही फ़ोन करता था | हरदम मुस्कराता चेहरा | जब भी मिलते ,कहिए प्रकाश बादल जी ! क्या हाल हैं ? कहते – तुम्हारे टीवी में जाने से प्रिंट मीडिया का बड़ा नुकसान हुआ है | वापस लौट आओ | अफ़सोस ! उनके रहते यह संभव नहीं हुआ | भोपाल उत्सव के ज़रिए उन्होंने अपने कुशल संयोजन और गहरी सांस्कृतिक समझ की छाप छोड़ी थी | चैंबर ऑफ कॉमर्स को उनका सदैव मार्गदर्शन मिलता रहा | बुंदेलखंड उनकी साँसों में बसा था | इस पिछड़े इलाक़े की सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों को उन्होंने हमेशा संरक्षण दिया | उनका जाना देश के मीडिया जगत से तकनीक और कारोबार के समन्वय शिल्पी का जाना है |  रमेश जी को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि | अब मुझे प्रकाश बादल कोई नहीं कहेगा |

                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                      राजेश बादल एग्जियूटिव डायरेक्टर, (राज्यसभा टीवी ) 16797525_10154190736715636_346148397655142414_o

Tags: dainik bhaskarrajesh badalramesh chandra agrawal
Previous Post

हरभजन बने आईसीसी चैंपियंस ट्राफी के ब्रांड एंबेसडर

Next Post

यमुना प्रदूषित करने के आरोप को आर्ट ऑफ लिविंग ने बताया बेबुनियाद

Next Post

यमुना प्रदूषित करने के आरोप को आर्ट ऑफ लिविंग ने बताया बेबुनियाद

  • Disclaimer
  • Privacy
  • Advertisement
  • Contact Us

© 2025 JNews - Premium WordPress news & magazine theme by Jegtheme.

No Result
View All Result
  • Home
  • देश
  • दुनिया
  • प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • लाईफस्टाईल
  • विविधा

© 2025 JNews - Premium WordPress news & magazine theme by Jegtheme.