नवरात्रों के पहले तीन दिनों में 1.20 लाख श्रद्धालुओं ने किये मां वैष्णो देवी के दर्शन
पूरे नौ नवरात्रों के दौरान करीब 3 लाख श्रद्धालुओं के वैष्णो देवी भवन पर पहुंचने का अनुमान
नई दिल्ली (तेज समाचार डेस्क): शारदीय नवरात्रों के दौरान वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। पहले तीन नवरात्रों के दौरान 1.20 लाख श्रद्धालु यात्रा पर्ची हासिल कर वैष्णो देवी भवन पहुंचे हैं। दिनों-दिन श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बोर्ड प्रशासन ने हर उचित प्रबंध किए हैं। नवरात्रों को महत्व देखते हुए बोर्ड प्रशासन ने अर्धकुँवारी से भवन के बीच चल रही बैटरी कार सेवा को भी दिन-रात सुचारू रखा गया, ताकि श्रद्धालु आसानी से वैष्णो देवी के भवन पहुंचकर मां के दर्शन कर सकें।
पंजीकरण कक्ष से मिले आंकड़ों के अनुसार प्रथम नवरात्र पर 48,953 श्रद्धालुओं ने वैष्णो देवी भवन पहुंचे। सोमवार को भी करीब 39 हजार श्रद्धालु वैष्णो देवी के दरबार में नमन के लिए पहुंचे। मंगलवार देर शाम समाचार लिखे जाने तक करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने यात्रा पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर लिया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि नौ नवरात्रों के दौरान करीब 3 लाख श्रद्धालु वैष्णो देवी भवन पर नमन करेंगे। इसीलिए यात्रा मार्ग पर भी अधिक भीड़ देखने को मिली। यात्री कतारबद्ध होकर अपने-अपने सामान की जांच करवा कर चढ़ाई करते नजर आए।