हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव : बारिश पर भारी पड़ीं महिला वोटर
हमीरपुर (तेज़ समाचार प्रतिनिधि ): हमीरपुर विधानसभा के उपचुनाव के मतदान पर रिमझिम बारिश का बड़ा असर पड़ा है। सुबह से ही मतदान केन्द्रों में सन्नाटा देखा जा रहा है। कई गांवों में महिलाएं छाते लगाकर वोट डालने बूथ पहुंची। उनके जज्बे को देख अधिकारी भी दंग रह गए। क्षेत्र के कई पोलिंग बूथों के बाहर बारिश से एक फीट तक पानी भर गया है, जिससे मतदाताओं को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है।
चुनाव कन्ट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह नौ बजे तक 05.60 प्रतिशत मतदान हुआ। ग्यारह बजे तक पूरे विधानसभा क्षेत्र में 13.63 प्रतिशत तथा दोपहर एक बजे तक 22.90 प्रतिशत मतदान हुआ।
आयोग के प्रेक्षक के अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक प्रकाश, पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना और डाईआईजी दीपक कुमार यहां लगातार बूथों का दौरा कर रहे हैं।
सदर विधानसभा के उपचुनाव सोमवार सुबह शुरू हुए लेकिन रिमझिम बारिश के कारण बूथों पर सन्नाटा पसरा रहा। जिले में करीब 20 घंटे से लगातार हो रही बारिश से गांव की गलियां कीचड़- और जलभराव में तब्दील हो गई हैं। इसके बाद भी महिलाओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
सुमेरपुर क्षेत्र के इंगोहटा गांव में रिमझिम बारिश के बीच तमाम महिलाएं घर से बाहर छाता लगाकर निकलीं और पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान किया। महिला मतदाताओं का बूथ पहुंचने पर अधिकारियों ने स्वागत भी किया। इसी तरह दर्जनों गांवों में महिलाएं और बुजुर्ग लोगों ने बारिश की परवाह किए बिना बूथों पर पहुंचकर वोटिंग की। दिव्यांग मतदाताओं ने व्हील चेयर से बूथ पहुंचकर वोट डाला।
सुमेरपुर क्षेत्र के बड़ागांव में एक बूथ पर ईवीएम खराब होने से मतदान काफी देर तक बाधित रहा जबकि मौदहा कस्बे में गांधी विद्यालय के कक्ष-1 व बूथ-357 में ईवीएम में खराबी के चलते करीब दो घंटे तक वोटिंग प्रभावित रही। यहां मतदाताओं की लम्बी कतारें देखी गईं। मतदाताओं ने बताया कि ईवीएम में नोटा बटन काम नहीं कर रहा था। क्षेत्र के कई मतदान केन्द्रों के बाहर पानी भरा होने से मतदाताओं को खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही है।
बूथों के अंदर मोबाइल से ली जा रही फोटो, वायरल
विधानसभा उपचुनाव के मतदान में भाजपा कार्यकर्ता आचार संहिता का पालन नहीं कर रहे हैं। सोमवार दोपहर को पोलिंग बूथों के अंदर मोबाइल फोन ले जाकर ईवीएम का बटन दबाते हुए वीडियो क्लिप बनाई गई। इसका वीडियो वायरल होने के बाद यहां अधिकारी सकते में आ गए हैं।
सुमेरपुर कस्बे के गायत्री विद्यामंदिर इण्टरकॉलेज के बूथ में भाजपा से जुड़े लोग मोबाइल फोन लेकर मतदान करने जा रहे हैं। इतना ही नहीं पीठासीन अधिकारी के सामने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए पूछा जा रहा कि अब ईवीएम का बटन दबाएं। पीठासीन अधिकारी भी जवाब में कह रहे हैं कि हां वोट पड़ गया। किसी ने बूथ के अंदर का ईवीएम का बटन दबाते वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया है, जिसे देख अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।