देश का विकास सबका लक्ष्य होना चाहिए : भागवत
हैदराबाद (तेज समाचार डेस्क): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख डॉ मोहन भागवत ने कहा है कि धर्म की विजय से सबकी विजय होगी। समाज को संगठित करना आवश्यक है। देश के विकास का सबका लक्ष्य होना चाहिए। कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए समाज का विच्छेद करना चाहते हैं। सबकी समानता के भाव से आगे बढ़ना चाहिए।
डॉ भागवत हैदराबाद में आरएसएस के तीन दिवसीय विजय संकल्प शिविर के दूसरे दिन बुधवार शाम को सरूरनगर स्टेडियम में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। शिविर का आयोजन भारत इंजीनियरिंग कॉलेज में किया गया है।
डॉ भागवत ने कहा कि इस शिविर का नाम विजय संकल्प का नाम दिया है लेकिन प्रश्न उठता है किसकी विजय? संघ ने सिर्फ विश्व में देश का विजय चाहा, अपनी विजय नहीं, अपना स्वार्थ नहीं। देश का हित चाहने वालों को धर्म की विजय प्राप्त होती है।कुछ लोग तो ऐसे हैं जो स्वयं भी दुखी और दुनिया को भी दुखी बनाने की नियम-नीति का अनर्थ करते दिखायी देते हैं। दूसरे ऐसे जो अपने स्वयं के सुख को त्याग कर देश की चिंता करते हैं। संघ ऐसा ही विचार रखता है और देश को परम वैभव की स्थिति पर पहुंचने का प्रयास करता है। विश्व अपने देश की ओर देख रहा है और देश अपने पैरों पर खड़ा होने का प्रयास कर रहा है। समाज में परिवर्तन की आवश्यकता है, तब ही यह विकास के रास्ते पर चल सकता है।
जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राममाधव, पार्टी विधायक और प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित थे।